अल्माेड़ा। जिले में बीते शाम भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने बिजली लाइन पर कहर बरपाया। शीतलाखेत और दन्या में 24-24 घंटे और कोसी में 17 घंटे बिजली गुल रही। लोगों को मोबाइल फोन ठप हो गए। बिजली संचालित उपकरण शोपीस बने रहे।
शीतलाखेत फीडर की बिजली लाइन में टहनी गिरने से 24 घंटे बिजली गुल रही। इससे क्षेत्र की दो हजार से अधिक की आबादी को मोमबत्ती के सहारे रात काटनी पड़ी। बुधवार शाम अचानक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई इससे नगर सहित कई गांवों में अंधेरा छा गया।
शीतलाखेत फीडर की बिजली लाइन में टहनी गिरने से इससे जुड़े तलाड़, सनार, पहल, मनोज विहार, आदर्श कॉलोनी, पौधार आदि क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली गुल रही।
तलाड़ के प्रधान विनोद कनवाल और पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख आनंद कनवाल ने कहा कि इस फीडर से जुड़े गांवों में आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। यूपीसीएल से इन गांवों को कोसी फीडर से जोड़ने की कई बार मांग उठा चुके हैं लेकिन अब तक विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है। लोगों में आक्रोश है। यूपीसीएल की टीम ने लाइनों को दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारू की। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।