अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर के पास बार खुलने की सुगबुगाहट के बीच अब छात्रों ने भी अपना मोर्चा खोल दिया है। आक्रोशित छात्रों ने डीएम आलोक कुमार पांडेय को ज्ञापन देकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर के पास ही बार खुलना दुर्भाग्य पूर्ण है। चेतावनी देते हुए कहा कि विरोध के बाद भी बार खुलने की अनुमति मिली तो छात्र सड़क पर उतरेंगे।
बुधवार को डीएम कार्यालय पहुंचे आक्रोशित छात्रों ने एसएसजे परिसर के सिमकनी मैदान के पास बार खोले जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि कुछ लोगों की मिलीभगत से छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिमकनी मैदान में परिसर के छात्र-छात्राएं खेलों के अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। इससे उन पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। पूर्व छात्रसंघ महासचिव गौरव भंडारी ने कहा कि नशे को बढ़ावा देने के बजाय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास होने चाहिए। ज्ञापन देने वालों में सौरभ बिष्ट, राहुल फुलेरा, गोविंद प्रसाद, रोहित बोरा, प्रदीप भाकुनी, उज्ज्वल नेगी, मोहन चौहान आदि मौजूद रहे।