अल्मोड़ा। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए सोलर प्लांट ने रोजगार के नए द्वार खोले हैं। अपनी बंजर पड़ी जमीन और लीज पर ली भूमि पर सोलर प्लांट स्थापित कर अल्मोड़ा के 40 युवाओं ने एक महीने में 50 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया। उन्होंने यूपीसीएल को दो करोड़ से अधिक की बिजली बेच कर अच्छी आमदनी की।
युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और बिजली की खपत कम करने की सरकार की योजना सफल होती नजर आ रही है। उरेडा विभाग के माध्यम से अपनी निजी भूमि और ग्रामीणों की बंजर भूमि को लीज पर लेकर जिले के 40 बेरोजगार युवाओं ने 100 से 5000 किलो वॉट के सोलर प्लांट स्थापित किए। युवा उत्पादकों ने एक महीने में ही 50 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया। हवालबाग, रानीखेत, ताकुला, भिकियासैंण, भैंसियाछाना आदि क्षेत्रों में सौर पैनल से पैदा बिजली यूपीसीएल को बेच कर युवाओं को दो करोड़ 25 लाख रुपये की आय हुई। इससे यूपीसीएल को बिजली के अतिरिक्त बोझ से निजात मिली।
25 वर्षों तक बेचेंगे बिजली
अल्मोड़ा। उत्पादकों ने यूपीसीएल को 4.5 की दर से 50 लाख रुपये की बिजली भेजी। उनका यूपीसीएल के साथ 25 वर्षों का अनुबंध है। इसके तहत उत्पादक 25 सालों तक यूपीसीएल को बिजली बेच सकेंगे। इससे जिले में बिजली की खपत काफी हद तक कम होगी।
बंजर जमीन बनी आय का जरिया
अल्मोड़ा। जिले में लंबे समय से बंजर पड़ी लोगों की भूमि भी आय का साधन बन रही है। युवा लीज पर भूमि लेकर सोलर प्लांट स्थापित कर रहे हैं। इससे भूमि स्वामियों को अपनी बंजर पड़ी जमीनों से भी हर महीने आय हो रही है। अपनी खुद की बंजर पड़ी भूमि का भी युवा बेहतर उपयोग कर रहे हैं।
- 100 और पांच हजार किलोवॉट के सोलर प्लांट स्थापित कर उत्पादकों ने एक माह में 50 लाख यूनिट बिजली पैदा की जो एक अच्छी शुरूआत है। इच्छुक दूसरे लोग भी सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मनोज कुमार बजेठा, परियोजना अधिकारी, उरेड़ा अल्मोड़ा।