अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अपने परीक्षा परिणाम को लेकर परेशान हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर छात्र अपना परीक्षाफल तो देख पा रहे हैं, लेकिन अंकतालिकाएं डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं। यह समस्या विवि प्रबंधन और अनुबंधित कंपनी के बीच हुए विवाद के कारण पैदा हुई है।
विवि प्रबंधन ने अंकतालिकाओं में त्रुटियों के कारण कंपनी का भुगतान रोक दिया था, जिसके बाद कंपनी ने सर्वर बंद कर दिया। कंपनी ने सर्वर को फिर से खोला है, लेकिन छात्र अभी भी अपने परिणाम डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं। विवि प्रबंधन ने कंपनी को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है कि वह सभी त्रुटियों को ठीक करे, नहीं तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पाचवें सेमेस्टर का परीक्षाफल नहीं हुआ घाेषित
बकाया भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षा सत्र 2023-2024 के नॉन एनईपी पाठ्यक्रम के स्नातक छात्रों का पांचवें सेमेस्टर का परीक्षाफल अभी तक घोषित नहीं हुआ है, जिससे छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
- कंपनी को परीक्षाफल से संबंधित सभी त्रुटियों को दूर करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। समस्याएं दूर नहीं हुई तो कंपनी के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा।
डा. नंदन सिंह बिष्ट, परीक्षा नियंत्रक एसएसजे विवि, अल्मोड़ा