अल्मोड़ा। दशहरा और दीपावली पर्व पर जिले में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रहे, इसके लिए यूपीसीएल जिले में 33 और 11 केवी विद्युत उप संस्थानों की टेस्टिंग कर रहा है। रविवार को खत्याड़ी सब स्टेशन में टेस्टिंग के चलते नगर के आधे हिस्से में सात घंटे बिजली गुल रही। इससे 10,000 से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग पूरे दिन बिजली का इंतजार करते रहे।
यूपीसीएल ने रविवार को खत्याड़ी बिजली उप संस्थान में टेस्टिंग की। इससे खत्याड़ी, खोल्टा, सरकार की आली, चौघानपाटा, ब्राईट इंट कॉन, कैंट, माल रोड, थपलिया आदि क्षेत्रों में सात घंटे बिजली गुल रही। सुबह दस बजे बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान रहे। बिजली न होने से इसका असर कारोबार पर भी पड़ा। बिजली संचालित कारोबार ठप रहा और कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ा। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता कन्हैया जी मिश्रा ने कहा कि दीपावली पर्व पर बिजली की मांग बढ़ जाती है। उस दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए खत्याड़ी सब स्टेशन में टेस्टिंग की गई। इसके लिए शटडाउन लिया गया। शाम पांच बजे सभी प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल की दी गई है। संवाद