अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय से जैंती तहसील क्षेत्र के लिए रोडवेज बस संचालित होने का सपना धरातल पर नहीं उतर सका है। 80 से अधिक गांवों के 15000 लोगों के लिए टैक्सी में सफर करना मजबूरी बन गया है। क्षेत्र के लोगों ने जल्द बस संचालित करने की मांग की।
परिवहन निगम से तीन साल पूर्व अल्मोड़ा-जैंती मोटर मार्ग पर बस सेवा संचालन का निर्णय लिया था। हालांकि निगम का यह रूट अब तक अस्तित्व में नहीं आया है। परिवहन निगम बस संचालन के लिए चालक और परिचालकों की कमी बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है। इस रूट पर बस सेवा संचालित होने से क्षेत्र के कुटौली, कुंज, आरा सल्पड़, बिनौला, सुनाड़ी, भाबू, संग्रौली, आराखेत, खड़ियानौली, कुमालसों, पुभाऊं, बाराकोट सहित 80 से अधिक गांव के लोगों को सुगम परिवहन मुहैया होगा।
बोले लोग
अल्मोड़ा से जैंती के लिए रोडवेज बस संचालित नहीं है। कई बार मांग के बाद परिवहन निगम बस संचालन के लिए गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ऐसे में यात्रियों को टैक्सी में अधिक किराया चुकाकर सफर करना पड़ रहा है।
बची सिंह, जैंती।
रोडवेज बस संचालित न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन निगम को जल्द बस सेवा शुरू करनी होगी वरना आंदोलन किया जाएगा।
प्रकाश जोशी, जैंती।
चालक और परिचालकों की कमी से नए रूट पर बस सेवा का संचालन मुश्किल है। नई नियुक्ति के बाद ही अल्मोड़ा-जैंती मोटर मार्ग पर बस संचालन संभव है।
राजेंद्र कुमार, सहायक महाप्रबंधक, अल्मोड़ा डिपो।