अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में ओटी के निर्माण में देरी मरीजों को हायर सेंटर रेफर करा रही है। तीन माह से आंख की ओटी का संचालन ठप होने से 400 से अधिक ऑपरेशन लटके हुए हैं। चिकित्सकों के लिए मरीजों को ऑपरेशन के लिए नई तिथि देना मजबूरी बन गया है।
जिला अस्पताल में तीन माह बाद भी ओटी का निर्माण और विस्तारीकरण कार्य पूरा नहीं हो सका है। जनरल सर्जरी के लिए ओटी की वैकल्पिक व्यवस्था तो की गई, लेकिन आंख के ओटी का संचालन बंद कर दिया। तीन माह से ओटी का संचालन बंद होने से यहां आंख के ऑपरेशन लटक गए हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक यहां हर माह 150 लोगों के मोतियाबिंद सहित आंख के अन्य ऑपरेशन होते हैं। मरीज हर रोज ओटी संचालन के बाद मोतियाबिंद सहित आंख की अन्य दिक्कत से राहत मिलने की उम्मीद में जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
किसी को नहीं पता, कब होगा शुरू
अल्मोड़ा। जिला अस्पताल के ओटी का दो माह में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय था। तीन माह बाद भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। अब भी यहां 40 प्रतिशत कार्य शेष है। ऐसे में ओटी के जल्द संचालन की राह आसान नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी निर्माण कार्य पूरा होने का समय बताने से परहेज कर रहे हैं।
हवालबाग से मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने पहुंची संतोषी के परिजनों ने कहा कि बीते दो माह से वह जिला अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं और मायूस होकर लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के लिए निजी अस्पताल जाना संभव नहीं है।
केस दो
लमगड़ा से पहुंचे खीमानंद ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों ने मोतियाबिंद के ऑपरेशन की सलाह दी थी। एक माह से वह चार बार अस्पताल के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन ओटी संचालित न होने का हवाला देकर घर भेज दिया जा रहा है।
कोट- जिला अस्पताल में निर्माण कार्य के चलते ओटी संचालित नहीं हो रही है। संबंधित को जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अगले कुछ दिनों में ओटी संचालित होगी।
डॉ. आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा।