अल्मोड़ा। समान कार्य का समान वेतन की मांग पर उपनल कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर चौघानपाटा के गांधी पार्क में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि उनसे सरकारी कर्मचारियों की तरह काम लिया जा रहा है जिसे वे सही तरीके से अंजाम तक पहुंचा रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें मामूली वेतन देकर उनके हितों की अनदेखी की जा रही है।
बृहस्पतिवार को जिलेभर के उपनल कर्मियों ने चौघानपाटा के गांधी पार्क में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि राजकीय कर्मचारियों की तरह कार्य करने के बाद भी उन्हें मामूली वेतन दिया जा रहा है। लंबे समय से वे समान कार्य समान वेतन की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही है। कहा कि 10 प्रतिशत मानदेय बढ़ाकर औपचारिकता निभाना गलत है। उन्होंने समान कार्य समान वेतन और सेवा से निकाले गए कर्मियों की बहाली की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। उपनल कर्मियों के कार्य बहिष्कार से सरकारी संस्थानों में कामकाज प्रभावित रहा। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष मनीष वर्मा, जिला महामंत्री शेखर भट्ट, कोषाध्यक्ष नंदन गिरी, कुंदन कनवाल, ललित नयाल, राजेंद्र कार्की, पुष्कर सिंह खाती, नवल किशोर, युगल किशोर भट्ट, लतिशा कनवाल, राजेंद्र सिंह सहित कई उपनल कर्मी मौजूद रहे।