15 फरवरी को होने वाली पटवारी भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पटवारी भर्ती परीक्षा के नोडल अधिकारी सीडीओ प्रकाश चंद्र ने कहा कि पटवारी भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले लोगों के प्रति प्रशासन सतर्क है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए भर्ती प्रक्रिया के दौरान सादी वर्दी में कर्मचारी तैनात रहेंगे। परीक्षा की पारदर्शिता के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। विकास भवन में पत्रकार वार्ता में सीडीओ ने कहा कि जिले में पटवारी के 102 पदों के लिए 13916 आवेदकों को औपबंधिक प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।
शारीरिक दक्षता परीक्षा एसएसजे परिसर के सिमकनी मैदान में होगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की दौड़ लोअर मालरोड में विधि संकाय के पास से पांडेखोला में देवड़ी पेट्रोल पंप तक होगी। पुरुषों को एक घंटे में सात किमी और महिला अभ्यर्थियों को 35 मिनट में साढ़े तीन किमी की दौड़ पूरी करनी होगी।
दौड़ संपन्न कराने को लोअर मालरोड विधि संकाय से पांडेखोला सड़क पूर्वाह्न 11:00 बजे से प्रक्रिया पूरी होने तक यातायात के लिए बंद रहेगी। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन वाया धारानौला होकर निकलेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब छह सौ अभ्यर्थियों की दौड़ और एसएसजे परिसर के मैदान में प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी।
मैदान में प्रवेश पत्र दिखाने पर सिर्फ अभ्यर्थियों को ही आने दिया जाएगा। ड्यूटी में लगे कर्मचारी भी प्रवेश पत्र लेकर आएंगे। अभ्यर्थियों को सिमकनी मैदान में ही इंदिरा अम्मा भोजनालय द्वारा 35 रुपये थाली में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भर्ती के दौरान आवेदकों के लौटने को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था होगी।
टैक्सी वाहनों और होटलों में भी पुलिस नजर रखेगी, ताकि आवेदकों और अभिभावकों को निर्धारित से अधिक किराया न चुकाना पड़े। इस मौके पर एसपी केएस नगन्याल, एसडीएम रिंकू बिष्ट, पीडी मो. असलम, प्रो. जगत सिंह बिष्ट, एआरटीओ विमल पांडे आदि मौजूद थे।