अल्मोड़ा। जिला अस्पताल के एक चिकित्सक के दूसरी जगह ड्यूटी पर जाने, एक चिकित्सक के आपरेशन पर होने और एक के अवकाश पर रहने से मरीज परेशान रहे। मरीजों को उपचार के लिए चिलचिलाती धूप में पांच किमी दूर बेस अस्पताल के चक्कर लगाने पड़े।
जिला अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञ शुक्रवार को बेस अस्पताल में ड्यूटी पर गए थे। नेत्र रोग विशेषज्ञ आपरेशन पर थे। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश अवकाश पर थे। दूसरे अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके मेहता कक्ष संख्या 12 में उपलब्ध रहे। रोगियों को चिलचिलाती धूप में उपचार के लिए पांच किमी दूर बेस अस्पताल जाना पड़ा। इससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिला अस्पताल में 671 ओपीडी रही। हवालबाग, ताकुला, लमगड़ा, भैंसियाछाना, धौलादेवी, विकासखंडों के कनोली, नौगांव, कुंज, लोहना, कुटौली, सिलपड़, सोमेश्वर, बाड़ेछीना समेत विभिन्न क्षेत्रों से सुबह से ही मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। भीड़ के चलते मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। इधर जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि चर्म रोग विशेषज्ञ बेस अस्पताल में ड्यूटी पर गए है।
-
बोले मरीज
त्वचा रोग के उपचार को जिला अस्पताल आया हूं लेकिन चिकित्सक के दूसरी जगह ड्यूटी पर जाने से अब निजी अस्पताल में उपचार कराना पड़ा जिससे काफी पैसा खर्च हो गया है। इससे परेशानी झेलनी पड़ी।
हरीश सिंह, अल्मोड़ा
-
हाथ में खुजली हो रही है। उपचार के लिए अस्पताल आया लेकिन यहां आकर पता चला कि डॉक्टर नही हैं। इस कारण अब पांच किमी दूर बेस अस्पताल जाना पड़ा। इससे दिक्कतें हुई।
पवन सिंह, अल्मोड़ा