अल्मोड़ा। जिला अस्पताल अल्मोड़ा में पहली बार दूरबीन विधि (लेप्रोस्कोपिक सर्जरी) से अपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन कर नई उपलब्धि हासिल की गई है। अस्पताल के सर्जन डॉ. अमित सुकोटी ने इस सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार जिले के छतोला निवासी शुभम पांडे लंबे समय से अपेंडिक्स की समस्या से परेशान थे। उपचार के लिए वह जिला अस्पताल अल्मोड़ा पहुंचे जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दूरबीन विधि से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। डॉ. अमित सुकोटी और उनकी टीम ने सफल सर्जरी कर मरीज को राहत दी। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल अल्मोड़ा में पहली बार इस आधुनिक तकनीक से अपेंडिक्स का ऑपरेशन किया गया है। दूरबीन विधि से ऑपरेशन होने पर मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव और जल्दी स्वस्थ होने का लाभ मिलता है। साथ ही ऑपरेशन के बाद अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि भी कम हो जाती है। इस सफलता को जिला अस्पताल के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं शुरू होने पर खुशी जताई है। वहीं अस्पताल प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
कोट
दूरबीन विधि से मरीज की पहली पर सफलतापूर्वक सर्जरी की गई है। यह अस्पताल के लिए बड़ी उपलब्धि है।
एचसी गढ़कोटी, पीएमएस, जिला अस्पताल