अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क पर शुक्रवार देर शाम आए तेज तूफान से चुराड़ी बैंड के समीप एक विशालकाय चीड़ का पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिर गया। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही की इस दौरान सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। इससे भयानक हादसा हो सकता है।
पेड़ गिरने से सड़क के दोनों और 100 से अधिक वाहन फंसे रहे। इस बीच एक मरीज को बागेश्वर से अल्मोड़ा अस्पताल ला रही एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। इससे मरीज की जान आफत में आ गई। मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाकर तीमारदारों और यात्रियों को राहत पहुंचाई। शुक्रवार की शाम 5:20 पर फायर स्टेशन को सूचना मिली की चुराडी बैंड के समीप सड़क पर एक पेड़ गिर गया है।
इससे सड़क पर लंबा जमा लगा चुका है। फायर स्टेशन प्रभारी मुकेश चंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वुडन कटर की मद्द से पेड़ को छोटे टुकड़ों में काट कर सबसे पहले जाम में फंसी एम्बुलेंस को रवाना किया। इसके बाद सड़क पर यातायात सुचारू हुआ। इसके बाद वाहन चालकों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। टीम में किशन सिंह, विपिन बडोला, कैलाश धपोला, प्रियांशु कुमार शामिल रहे।