सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर-डौनी मोटर मार्ग पर बस सेवा न होने से यात्री टैक्सी से सफर करने को मजबूर है। सहालग और चुनाव सीजन में टैक्सियां भी नहीं मिलती हैं। इस कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सोमेश्वर-डौनी मोटर मार्ग पर बसों का संचालन नहीं होता है। यहां लोग सिर्फ टैक्सियों के भरोसे सफर करते हैं। इस मोटर मार्ग से डौनी, डोबा, सिलंगवाड़ी, धैना समेत कई गांव के लोग यात्रा करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग में बस सेवा न होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शादियों में टैक्सियां बुक हो जाती है तो चुनाव सीजन में चुनाव ड्यूटी के लिए अधिग्रहीत कर ली जाती हैं। इससे सड़कों पर टैक्सियों की कमी पड़ जाती है। वाहन नहीं मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मजबूरी का फायदा उठाकर कई बार टैक्सी चालक तय किराए से अधिक पैसे वसूलते हैं।
डौनी गांव निवासी जगदीश कुमार ने बताया कि बस संचालित नहीं होने से क्षेत्र के लोग लंबे समय से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कई बार जरूरी काम होने पर भी वाहन नहीं मिल पाता, जिससे लोगों को पैदल सफर करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द मार्ग पर बस सेवा शुरू करने की मांग की है।