अल्मोड़ा में प्रदर्शन करते मेडिकल कॉलेज के पीजी रेजीडेंट डॉक्टर। संवाद
अल्मोड़ा। राजकीय मेडिकल कॉलेज के पीजी रेजीडेंट डॉक्टरों ने मानदेय में बढ़ोतरी की मांग के लिए आंदोलन हड़ताल तेज कर दिया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों के तीखे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। उन्होंने शासन की टालमटोल नीति पर भी गंभीर सवाल उठाए।
मंगलवार को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल परिसर में धरना दिया। हड़ताल के चलते ओपीडी में आने वाले मरीज परेशान रहे। हालांकि इस दौरान डॉक्टरों के इमरजेंसी सेवा हड़ताल के दौरान सुचारू रखने से मरीजों को बड़ी राहत मिली। इस दौरान सभा में वक्ताओं ने पीजी रेजीडेंट डॉक्टरों को प्रतिमाह मिलने वाले मानदेय को नाकाफी बताया। कहा कि मानदेय 1.10 लाख रुपये प्रतिमाह किया जाए। मानदेय वृद्धि की मांग पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राज्यों के मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत रेजीडेंट डॉक्टरों की तुलना में अल्मोड़ा में कम स्टाइपेंड दिया जा रहा है। उन्होंने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया। वहां डाॅ. अनुराग रावत, डॉ. प्रणिता खुल्बे, डॉ. जतिंद्र गुलाटी, डॉ. अतुल चन्याल, डॉ. निशा, डॉ. सृजन पुरवाल, डॉ. वैभव अग्रवाल, डॉ. साक्षी यादव आदि मौजूद रहे।
-