रानीखेत (अल्मोड़ा)। गनियाद्योली में पिछले एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार को ग्रामीणों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी से मुलाकात कर शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था कराने और गनियाद्योली तोक को हर घर नल योजना से जोड़ने की मांग उठाई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने जल निगम के अधिकारियों से समस्या की जानकारी ली। अधिकारियों ने गगास नदी में सिल्ट आने से आपूर्ति प्रभावित होने की बात कही। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। ग्रामीणों का कहना है कि गनियाद्योली नदुली ग्रामसभा का तोक होने के बावजूद उसे हर घर नल योजना से वंचित रखा गया है। वहां जिला पंचायत सदस्य बीना बिष्ट, पूर्व सदस्य अमित पांडे, दिनेश जोशी, प्रताप सिंह, प्रधान पाली नीमा रावत, राजकुमार पांडेय, एडवोकेट सीमा शर्मा, आकांक्षा रावत, मनोहर सिंह, राजकुमार पांडेय, शिवराज सिंह, प्रभात रावत, पूरन सिंह, महेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।