अल्मोड़ा। दिवाली मनाने के लिए काफी संख्या में प्रवासी घरों को लौटे। रविवार होने के कारण ग्रामीण रूटों पर बसें और टैक्सियां सीमित चलने से यात्रियों को वाहनों के लिए भटकना पड़ा। यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर परिवहन निगम ने दिल्ली रूट पर एक अतिरिक्त बस का संचालन किया।
सोमवार से बुधवार तक लगातार तीन दिन अवकाश है। इस कारण नौकरी पेशा लोग दिवाली मनाने के लिए रविवार को काफी संख्या में घरों को रवाना हुए। लोअर माल रोड स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डा और लोअर माल रोड स्थित केमू स्टेशन में यात्रियों की भीड़ रही।
रविवार होने के कारण डुंगरा, भनोली, सेराघाट, दन्यां, बाराकोट, सोमेश्वर, शहरफाटक रूटों पर वाहनों का सीमित संचालन हुआ। इस कारण यात्रियों को वाहनों के लिए भटकना पड़ा। केमू बस स्टेशन पर भी यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।