चौखुटिया में दिल्ली वाली बस के न पहुंचने से निराश यात्री
- फोटो : amar ujala
दिल्ली-गनाई (चौखुटिया) बस के न पहुंचने से विभिन्न गांवों से दिल्ली जाने वाले लोगों को खासी निराशा हुई। लोगों ने इसको लेकर रोष भी जताया। कुछ लोग टैक्सी बुक कराकर दिल्ली को रवाना हुए। रानीखेत डिपो की दिन में तीन बजे दिल्ली को जाने वाली रोडवेज की बस का संचालन पिछले दो दिनों से ठप है। जिससे दिल्ली जाने वाले यात्री परेशान हैं।
सोमवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों से दिल्ली जाने को स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों की बस के न पहुंचने से भारी फजीहत हुई। इसको लेकर आक्रोशित यात्रियों ने कुछ देर तक नारेबाजी भी की। बाद में कुछ ऐसे यात्री जिन्हें बुधवार को शादी में पहुंचना था महंगे किराए पर टैक्सी बुक कराकर दिल्ली रवाना हुए। रोष व्यक्त करने वाले यात्रियों में न्यौनी के गोपाल कोहली, गिरीश कोहली, जयरामबाखल के तारादत्त, नवीन चंद्र, महांकालेश्वर के रमेश चंद्र, जगत सिंह, पैली की कौशल्या देवी, पार्वती देवी और उडलीखान की हेमलता नेगी आदि शामिल थे।