मरीज की फर्जी रिपोर्ट देने वाला आरोपी पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : अमर उजाला
धोखाधड़ी करने और मरीज की फर्जी रिपोर्ट देने पर पुलिस ने लाल पैथोलॉजी सेंटर अल्मोड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी पैथोलॉजी के कर्मचारी पवन कुमार पुत्र दीवान निवासी झिरौली को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। एसएसपी पीएन मीणा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को धोखाधड़ी और जालसाजी करने वाले क्लीनिकों और डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच के निर्देश दिए हैं।
सेलाखोला निवासी सावित्री साह ने सेलाखोला स्थित डॉ. लाल पैथोलॉजी सेंटर में किडनी आदि के टेस्ट कराए थे। लैब में कार्यरत पवन कुमार ने जांच के लिए 999 रुपये लिए और कहा कि रिपोर्ट घर आकर दे जाएगा। बीते दिन पवन ने सावित्री देवी को जांच रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि उनकी ब्लड रिपोर्ट सही है, जबकि बाहर जांच कराए जाने पर सावित्री देवी की किडनी में गंभीर इंफेक्शन निकला। जब सावित्री देवी के पुत्र प्रशांत साह ने रिपोर्ट चेक की तो रिपोर्ट किसी स्वस्थ महिला की निकली, जिसे पवन कुमार ने सावित्री देवी का नाम देकर और तारीख बदलकर फर्जी रूप से तैयार किया था। इसके बाद प्रशांत ने कोतवाली में फर्जी तरीके से गलत रिपोर्ट देने का मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली पुलिस ने जांच की तो मामला सही मिला। पुलिस ने पवन कुमार से पूछताछ की तो उसने अपराध को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने 420/467/468/471 में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।