आदर्श राजकीय इंटर कालेज भिकियासैंण में प्रधानाचार्य सहित शिक्षकों के खाली पदों पर तैनाती की मांग को लेकर अभिभावकों ने तहसील कार्यालय में धरना दिया और तीन सप्ताह में नियुक्ति नहीं होने पर जनांदोलन करने का ऐलान किया।
आदर्श राजकीय इंटर कालेज में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय में जीव विज्ञान, भौतिक, रसायन विज्ञान, हिंदी, संस्कृत, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी विषयों के प्रवक्ताओं के अलावा प्रधानाचार्य की तैनाती नहीं होने से विद्यालय की दुर्दशा हो रही है। अभिभावकों ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रवक्ताओं के नहीं होने से छात्र विज्ञान की पढ़ाई के लिए दूसरे विद्यालयों में जा रहे हैं। बैठक के बाद अभिभावकों ने तहसील पहुंचकर सांकेतिक धरना दिया और प्रभारी नायब तहसीलदार एमसी तिवारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। धरना और ज्ञापन देने वालों में पूर्व ब्लाक प्रमुख पुष्कर पाल बिष्ट, रमेश चंद्र, शंकर फुलारा, मदन मेहरा, लीला बिष्ट, चंद्रशेखर, कमलापति, सुंदर सिंह, उमेश नैलवाल, माया, धर्मा, गीता, प्रेम सिंह, दलीप सिंह, दिगंबर सिंह,आरिफ, बसंती, कमला, तारा दत्त, दिनेश नैनवाल, ममता बिष्ट आदि शामिल थे।