अल्मोड़ा। नगर के खगमराकोट के अंतर्गत बहने वाले नाले की गंदगी से आसपास के लोग परेशान हैं। बरसात में यह नाला विकराल रूप ले लेता है। इससे कई मकानों को खतरा पैदा हो गया है। रास्तों में रेलिंग नहीं होने के कारण दुर्घटना होने का भी खतरा बना रहता है।
वनपंचायत खगमराकोट के सरपंच सुरेंद्र लाल टम्टा ने बताया कि खगमराकोट से होकर दो नाले गुजरते हैं। बरसात के दिनों में यह नाले विकराल रूप लेते हैं। जिससे आसपास के मकानों को खतरा पैदा हो गया है। नाले के कारण भूमि का कटाव भी होता है। लंबे समय के बाद भी नाले को पक्का नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रास्ते में कोई रेलिंग नहीं है।
इस कारण दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि खगमराकोट के अंतर्गत करीब 50 परिवार स्थायी रूप से निवास करते हैं। विद्युत विभाग से बार-बार मांग करने के बाद भी ग्राम सभा में विद्युत पोल नहीं लगाए गए हैं। लोगों ने दूसरे स्थानों से विद्युत कनेक्शन ले रखा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों तथा विभागीय अधिकारियों को समस्याओं से अवगत करा चुके हैं लेकिन अब तक समस्याएं जस की तस हैं। उन्होंने कहा कि नाले की गंदगी से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।