अल्मोड़ा। जिले के जंगलों में आग धधकने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती शाम करबला मस्जिद के समीप जंगल में अचानक आग धधकने से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर सर्विस टीम ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग को काबू किया।
बुधवार की शाम 7:55 पर फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना मिली कि करबला मस्जिद के समीप जंगल में आग भड़क गई है। देखते ही देखते आग तेजी से जंगल में फैल रही है। मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने डेढ़ घंटे तक आग पर पानी की बौछार कर आग को शांत किया।
आग से जंगल में दो हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में बहुमूल्य वन संपदा खाक हो गई। सीएफओ नरेंद्र सिंह कुंवर ने बताया कि समय रहते जंगल की आग को फैलने से रोक लिया गया। टीम में गिरीश धारियाल, हरि सिंह, जीवन जोशी, पूजा थापा, मनीषा गोस्वामी शामिल रहे।