चौखुटिया बीडीसी बैइक में मौजूद पंचायत प्रतिनिधि आदि।
- फोटो : अमर उजाला
ब्लाक मुख्यालय के सभागार में हुई क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में सीडीओ समेत कई जिला स्तरीय अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर आक्रोश जताया। इस मौके पर अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में मौजूद विधायक महेश नेगी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से अपनी कार्यशैली सुधारने को कहा।
बैठक शुरू होते ही सदस्यों ने रामगंगा बांई व दांई नहर के रखरखाव के काम पर हो रही गड़बड़ियों का मामला उठाया। सदस्यों का कहना था कि इन नहरों की मरम्मत और सफाई के नाम पर धन की बंदरबांट की जा रही है। विभाग की लापरवाही के कारण ही विगत दिनों इन नहरों का पानी लोगों के घरों में पानी घुस गया था। इस दौरान सदस्यों ने गनाई नहर, धुधलिया, अखोड़िया, बसभीड़ा, बसरखेत, भनोटिया आदि नहरों का मामला भी उठाया। सदस्यों ने सिंचाई विभाग के कार्यों की जांच की मांग की। इस पर विधायक महेश नेगी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कार्यप्रणाली सुधारने के साथ ही नहर के अंतिम छोर तक समय पर पानी पहुंचाने को कहा।
बैठक में सीडीओ सहित जिला स्तरीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया। प्रधान संगठन के अध्यक्ष मोहन सिंह ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव रखा जिसे सदन में सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस मौके पर शिक्षा, खाद्यान्न, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, लोनिवि, बाल विकास आदि विभागों से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख बिशनराम व संचालन बीडीओ एनके भट्ट ने किया। बैठक में डीडीओ केके पंत, एसडीएम रजा अब्बास, ज्येष्ठ उप प्रमुख हरीश कैड़ा, कनिष्ठ प्रमुख ललिता बिष्ट व जिला पंचायत सदस्य शिवकुमार सहित कई पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।
प्रधान ने दी अनशन की चेतावनी
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। भटकोट के प्रधान राजेंद्र सिंह ने एसडीएम को ज्ञापन देकर सिंचाई विभाग द्वारा भटकोट गधेरे में डाले गए मलबे आदि को शीघ्र हटाने की मांग की। ज्ञापन में चार दिन के भीतर मलबा न हटाए जाने पर अनशन करने की चेतावनी दी।