अंग्रेजी शराब की दुकान को रातों रात बद्रीनाथ मार्ग बाजार में शिफ्ट करने से आक्रोशित लोगों ने दुकान के बाहर नारेबाजी कर दुकान का शटर बंद कर दिया। जन विरोध को देखते हुए मौके पर पहुंचे तहसील समन्वयक ने दुकान पूर्व में आवंटित स्थान चांदीखेत में ही खोलने को कहा। इस दौरान लोगों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
अंग्रेजी शराब की दुकानों के संचालक ने चांदीखेत बाजार में स्थापित शराब की दुकान को रातों रात चांदीखेत से शिफ्ट कर चौखुटिया बाजार के बद्रीनाथ मोटर मार्ग की एक दुकान में भी खोल दिया। इसकी भनक लगते ही आक्रोशित निकटवर्ती क्षेत्र के लोगों ने शराब की दुकान के विरोध में नारेबाजी करते हुए दुकान का शटर बंद कर दिया। बाद में मौके पर पहुंचे तहसील समन्वयक बलवंत सिंह कठायत ने दुकान के संचालकों से दुकान बंद करने और सरकार द्वारा चांदीखेत में आवंटित दुकान के माध्यम से ही शराब बिक्री करने को कहा। उन्होंने शराब की दुकान मनमाने ढंग से शिफ्ट करने पर भी नाराजगी जताई।
इस मौके पर लोगों ने उन्हे डीएम को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें कहा गया है कि अंग्रेजी शराब की दुकान के मलिक ने अपनी दुकान चांदीखेत से शिफ्ट कर रातों रात चौखुटिया बाजार के बद्रीनाथ मोटर मार्ग में खोल दी है। इस स्थान पर दर्जनभर महिलाएं अपनी दुकान चलाकर जीविकोपार्जन करती हैं। दुकान से स्कूल, कालेज और मेडिकल क्लिनिकों की दूरी भी काफी कम है जिसके चलते माहौल बिगड़ने की पूरी संभावना।
ज्ञापन में शराब की दुकान शीघ्र बंद न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। विरोध जताने वालों में चाय विकास बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष कुबेर सिंह कठायत, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल, गणेश बुधोड़ी, पूरन संगेला, हीरादेवी, हेमा तिवारी, शोभा हर्बोला, तुलसी संगेला, प्रेमा देवी, आशा देवी, पुष्पा देवी, नारायण रौतेला, गोविंद जोशी, मोहन जोशी, ख्याली वर्मा, महेश अटवाल, नंदन अधिकारी, ईश्वर दत्त कांडपाल, बिशन सिंह व दयानंद सहित भारी संख्या में लोग शामिल थे।