जिला अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में दो महीने बाद अस्थि रोग विशेषज्ञ की तैनाती हो गई। पूर्व में बेस अस्पताल में अपनी सेवाएं दे चुके डॉ. पीके मेहता ने सोमवार को अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर पहले दिन 100 मरीजों की जांच की। अस्थि रोग विशेषज्ञ की तैनाती के बाद अब अस्थि रोग से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
जिला अस्पताल पर पूरे जिले के मरीज निर्भर रहते हैं लेकिन यहां दो माह से अस्थि रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त चल रहा था। मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल में अस्थि रोग विशेषज्ञ हैं लेकिन शहर से इसकी दूरी अधिक होने के कारण कई मरीज यहां तक पहुंच नहीं पा रहे थे। अब जिला अस्पताल में ही हड्डी रोग विशेषज्ञ के तैनात होने से मरीजों को राहत मिलेगी। सोमवार को अस्पताल में कार्यभार संभालने वाले अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके मेहता ने बताया कि पहले दिन उन्होंने 100 मरीजों की जांच की। आठ मरीजों को भर्ती कराया गया और चार मरीजों के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए। सुबह से ही डॉ. पीके मेहता के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ जुटी रही।