अल्मोड़ा। सेवानिवृत्त केंद्रीय कल्याण समिति की राजकीय संग्रहालय में हुई बैठक में काठगोदाम से अल्मोड़ा के लिए रेल लाइन बिछाने की मांग की गई। वक्ताओं ने गैस कनेक्शनों के सत्यापन के लिए उपभोक्ताओं से शुल्क वसूलने का विरोध किया गया।
उन्होंने कहा कि विद्युत, पेयजल और सरकारी अस्पतालों में प्रतिवर्ष की जा रही शुल्क बढ़ोतरी पर अंकुश लगना चाहिए। हिमाचल की भांति उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में रोगी पर्ची निशुल्क करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शै: भैरव मंदिर के समीप कल्वर्ट को दुरुस्त करने समेत सड़क की दशा सुधारी जाए। उन्होंने कहा कि शहर में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। शासन-प्रशासन से बंदरों के आतंक से जनता को निजात दिलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नियमानुसार शहर के मोहल्लों में रसोई गैस की होम डिलीवरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शनिवार को आकाशवाणी के समीप गैस का वाहन दिन में साढ़े ग्यारह बजे तक नहीं पहुंचा।
उन्होंने मालरोड की तरह ही लोअर मालरोड में ई-रिक्शा चलाने, काठगोदाम रेलवे स्टेशन से सभी महानगरों तक रेल सेवाएं संचालित करने, शहर में धर्मशालाओं का निर्माण करने की मांग की। बैठक में हल्द्वानी में भी समिति की इकाई गठित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता रूप सिंह बिष्ट ने और संचालन सचिव महेश चंद्र आर्य ने किया। बैठक में नवीन चंद्र जोशी, राजेंद्र प्रसाद, हरीश लाल, पीएस मेहरा, एके कार्की, जीएस फत्र्याल, एमएस नेगी, आरपी जोशी, एमसी साह, बीसी पंत, शिवराज साह, शेष राम, नारायण दत्त पांडे, सीएस सिराड़ी, गणेश सिंह बिष्ट, एनएल वर्मा, डा. पीसी जोशी, केवालानंद तिवारी आदि ने भाग लिया।