नेता प्रतिपक्ष ने देखे जल संस्थान के टैंक
- फोटो : अमर उजाला
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने यहां कैंट क्षेत्र में नवनिर्मित तीनों ट्यूबवेलों का निरीक्षण किया और जल संस्थान के अधिकारियों को इन्हें शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए। भट्ट ने कहा कि उनके प्रयासों से ट्यूबवेल स्वीकृत हुए हैं, जिससे पानी की कमी नहीं रहेगी।
नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने जल संस्थान के अधिशासी अधिकारी केएस खाती, अवर अभियंता मनोज पांडे के साथ रानीझील, कालू गधेरा और पुदीनापानी में स्थापित तीनों ट्यूबवेलों का निरीक्षण किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने कहा कि वह इन ट्यूबवेलों के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे।
अब यह ट्यूबवेल स्थापित हो गए हैं, इनके माध्यम से लोगों को गर्मियों में पेयजल किल्लत से राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से इन्हें शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए। इधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता केएस खाती ने बताया कि ट्यूबवेलों का संचालन 10 से 15 दिनों के भीतर हो जाएगा। वहां भाजपा नेता त्रिभुवन शर्मा, दर्शन बिष्ट, प्रदीप बिष्ट, हेमंत नेगी, रोहित नेगी, हंसादत्त बवाड़ी थे।
रानीखेत। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री और पूर्व विधायक करन माहरा ने नेता प्रतिपक्ष पर मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत कार्यों का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सीएम पर विकास कार्य नहीं किए जाने के आरोप लगाते हैं और रानीखेत में जो काम सीएम करवा रहे हैं, उनका वह झूठा श्रेय ले रहे हैं, जनता सब जानती है और इसका जवाब उन्हें चुनाव में देगी।