फोटो: 10 आरकेटी 01पी: द्वाराहाट के बग्वालीपोखर में क्रमिक अनशन पर बैठे भूपाल सिंह भंडारी।
- फोटो : अमर उजाला
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। लंबे समय से लोगों के राशन कार्ड न बनने, विधवा, किसान पेंशनरों को लाभ नहीं मिलने से आक्रोशित बग्वालीपोखर के भंडरगांव निवासी बीडीसी सदस्य भूपाल सिंह भंडारी ने अनशन शुरू कर दिया है। उन्हें मनाने पहुंचे समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को भी उन्होंने बैरंग लौटा दिया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भंडारी यहां बग्वालीपोखर चौराहे पर अनशन पर बैठ गए। पवित्र प्रयास संस्था के बैनर तले चल रहे अनशन के समर्थन में कई लोग पहुंचे। भंडारी ने कहा कि छह-छह माह से लोगों के राशन कार्ड नहीं बने हैं। डेढ़-दो सालों से लाभार्थियों को विधवा, किसान पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
शासन-प्रशासन के लोग हवाई आश्वासनों के माध्यम से लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कहा कि उनके पास सौ से अधिक लोगों के पेंशन संबंधी प्रपत्र हैं, जबकि पांच हजार लोगों के राशन कार्ड नहीं बनने की शिकायत है। क्रमिक अनशन की भनक लगते ही समाज कल्याण विभाग के एडीओ और एडीओ पंचायत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मामले में सार्थक कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन भंडारी ने उनके अनुरोध को ठुकरा दिया। चेतावनी दी कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता तब तक अनशन जारी रहेगा। उनके साथ शंकर भंडारी, मोहन भंडारी, किशन राम, राजेंद्र सिंह, विनोद, दानू, गोविंद, दिवान मेहता, लछिमा देवी, सरिता देवी, पार्वती देवी आदि मौजूद थे