शासकीय, अशासकीय और प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले प्ले ग्रुप से बारहवीं तक के बच्चों के बारे में सभी जानकारियां जल्द ही ऑनलाइन होंगी। शिक्षा विभाग बच्चों के आधार नंबर, माता, पिता का नाम पता समेत सभी जानकारियां एकत्र कर रहा है। इसके लिए स्कूलों को फार्म दिए गए हैं। स्कूलों को यह जानकारी निर्धारित प्रारूप में ब्लॉक स्तर पर 30 अगस्त तक जमा करनी है।
अब तक सरकारी, अर्द्ध सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के बारे में शिक्षा विभाग के पास सटीक जानकारी नहीं होती थी। कई स्कूल अपनी वास्तविक छात्र संख्या तक नहीं दर्शाते हैं। कई स्कूलों में फर्जी छात्र संख्या के मामले भी पूर्व में प्रकाश में आए थे, लेकिन अब सरकारी, अर्द्ध सरकारी और निजी स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बारे में सभी जानकारियों जल्द ही शिक्षा विभाग के पास उपलब्ध हो जाएंगी। इससे सरकार द्वारा देय छात्रवृत्तियों आदि योजनाओं का लाभ पाने में बच्चों को सुविधा होगी।
प्रत्येक छात्र के बारे में जानकारी एकत्र करने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को फार्म उपलब्ध कराए हैं। प्रत्येक स्कूल को अपने यहां अध्ययनरत बच्चों के बारे में जानकारी स्टूडेंट डाटा कैप्चर फार्मेट फार्म में 35 बिंदुओं में देनी है। सरकार ने छात्र-छात्राओं के लिए आधार कार्ड भी जरूरी कर दिया है। इस फार्म में स्कूलों को छात्र का आधार नंबर, नाम, पिता, माता का नाम, जन्म तिथि, स्कूल में प्रवेश की तिथि, बीपीएल नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल, बैंक खाता नंबर, बैंक आईएफएससी कोड, विद्यार्थी की पिछले साल की उपस्थित आदि जानकारियों दी जानी हैं। यह फार्म सभी स्कूलों को दे दिए गए हैं। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक विनोद कुमार राठौर ने बताया कि स्कूलों ने यह फार्म भरकर 30 अगस्त तक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करने हैं। इसके बाद इन फार्मों का डाटा ऑनलाइन किया जाएगा।