अल्मोड़ा। एक कर प्रणाली यानि जीएसटी के लिए बमुश्किल अब केवल दो दिन बचे हैं। पिछले दिनों अमर उजाला ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन में हीलाहवाली को लेकर प्रमुखता से खबर छापी थी। इसमें ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तिथि 15 मार्च तक होने की बात कही गई थी। इसके बाद काफी संख्या में व्यापारी, ठेकेदार आनलाइन के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराने आगे आ रहे हैं।
देशभर में वस्तु एवं सेवा कर जीएसटी के लिए रजिस्ट्रेशन का कार्य इन दिनों जोरों पर चल रहा है। ऑनलाइन प्रोसेस होने के कारण व्यापारी और ठेकेदार इसमें आसानी से इसमें रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। पिछले दिनों प्रमुखता से खबर छपने के बाद अल्मोड़ा में वाणिज्य कर विभाग ने व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ मिलकर बाजार में व्यापारियों को जीएसटी के बारे में जानकारी दी और उनकी भ्रांतियां भी दूर की। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कराने वालों की संख्या में तेजी आई थी।
अब 15 मार्च के बाद वाणिज्य कर विभाग डेटा माइग्रेशन का काम भी बंद कर देगा। वहीं दो तीन माह में देशभर में जीएसटी लागू होने के बाद जिन व्यापारियों और ठेकेदारों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है उनका व्यापार अवैध मान लिया जाएगा। इधर वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर कमल किशोर जोशी ने बताया कि जीएसटी में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तिथि 15 मार्च तक ही है। जो व्यापारी तय तिथि तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं उनको फायदा मिलेगा।