कुविवि एसएसजे परिसर में स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। एसएसजे परिसर के निदेशक प्रो. आरएस पथनी ने बताया कि पहले दिन पूरे विवि में 183 छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन लेने की जानकारी मिली है।
उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा परिसर से कितने छात्रों ने ऑनलाइन प्रवेश लिया इसकी जानकारी विवि मुख्यालय से ही उपलब्ध हो सकेगी। परिसर निदेशक ने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए अल्मोड़ा परिसर में सोमवार से हेल्प काउंटर भी शुरू किया जा रहा है। इधर, एसएसजे परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की छात्र इकाई ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन करने को लेकर नाराजगी जताई है।
परिसर निदेशक के माध्यम से कुलपति को भेजे ज्ञापन में छात्रों ने कहा है कि विवि में अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण परिवेश से आते हैं और उन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं होती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए सामान्य फार्म के जरिये प्रवेश लेने की सुविधा भी जारी रखने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष अक्षय सुयाल, संजय शर्मा, शैलेश कोरंगा, दिवाकर बिष्ट, सचिन पंवार, शालिनी परगई, ज्योति मेहरा, बालम मेहरा, नीरज बिष्ट आदि थे।