अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में एक हड्डी रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर रहने और दूसरे के नैनीताल ड्यूटी पर जाने से उपचार को आए मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। मरीजों को उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़े। वहीं फिजिशियन के अवकाश से लौटने पर मरीजों को राहत मिली।
शुक्रवार को कुटौली, सिल्पड़, कनरा, रणाऊं, बचकांडे, डुंगरा, दन्योली, हवालबाग, कोसी, मटेला समेत विभिन्न स्थानों से मरीज उपचार कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। यहां कुल ओपीडी 420 रही। अस्पताल में तैनात एक हड्डी रोग विशेषज्ञ अवकाश पर रहे जबकि दूसरे नैनीताल ड्यूटी पर गए हैं। इस कारण विभिन्न स्थानों से हड्डी के उपचार कराने आए मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई मरीजों को पांच किमी दूर मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित बेस अस्पताल जाना पड़ा जबकि कई मरीजों ने निजी अस्पतालों में उपचार कराया। इधर, अवकाश पर गए फिजिशियन ड्यूटी पर लौट आए हैं। उनके आने से अस्पताल में उपचार को पहुंचे मरीजों को राहत मिली। इधर, पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि फिजिशियन ड्यूटी पर लौट आए हैं। मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
केस 01
धौलादेवी से पहुंचे मनोज राम ने बताया कि हाथ में चोट लग गई थी। दिखाने आया हूं लेकिन चिकित्सक न होने से परेशानी हो रही है। अब दूसरे अस्पतालों में जाना पड़ रहा है।
-
केस 02
हवालबाग से पहुंचे सुंदर सिंह ने बताया कि हड्डी में दर्द हो रहा है। दिखाने आया तो यहां आकर पता चला कि डॉक्टर नहीं हैं। ऐसे में अब बैरंग लौटना पड़ रहा है। दोबारा दिखाने आना पड़ेगा।