दुग्ध संघ अल्मोड़ा एक मार्च से दुग्ध उत्पादकों से दूध 30 रुपये प्रति लीटर की दर से क्रय करेगा। वर्तमान में उत्पादकों से 29 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीदा जा रहा है। अल्मोड़ा और बागेश्वर के दुग्ध उत्पादकों को एक रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। दुग्ध संघ प्रबंधन कमेटी की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
अध्यक्षता करते हुए दुग्ध संघ अध्यक्ष दीप डांगी ने कहा कि दुग्ध संघ दूध उत्पादकों के हित को सर्वोपरि रखे हुए है। इससे दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 30 रुपये प्रति लीटर के अतिरिक्त मुख्यमंत्री द्वारा घोषित चार रुपये प्रति लीटर दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन भी दुग्ध उत्पादकों को दिया जा रहा है। संघ ने एक रुपये क्रय मूल्य बढ़ाकर दुग्ध उत्पादकों को राहत प्रदान की है। भविष्य में दूध की विक्रय दर को भी बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि सर्विस प्रोवाइडर के माध्यम सें दुग्ध संघ ठेका श्रमिकों के पारिश्रमिक में आठ सौ से एक हजार रुपये प्रति श्रमिक की बढ़ोतरी की जा रही है। संस्था में कई वर्षों से कार्यरत तकनीकी श्रमिकों को संस्था के स्वीकृत स्टापिंग पैटर्न के अनुसार सर्विस प्रोवाइडर के माध्यम से मानदेय में रखने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रबंध कमेटी सदस्य ब्रह्मानंद डालाकोटी ने सरकार से मांग की कि तराई की अपेक्षा पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध परिवहन लागत अधिक आती है। पर्वतीय क्षेत्रों में तीन रुपये प्रति लीटर अधिक क्रय मूल्य दिया जाना चाहिए। दुग्ध संघ की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक अप्रैल में कराने पर चर्चा हुई।
संचालन दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक एनबी सनवलाल ने किया। बैठक में यूसीडीएफ के प्रतिनिधि कुंवर सिंह गोसाई, जयबल्लभ उप्रेती, नंदन सिंह, आनंद सिंह चौहान, तुला राम, देवकी रौतेला, प्रभा देवी, प्रबंध निदेशक के प्रतिनिधि डा. मोहन चंद्र आदि मौजूद थे।