अक्षय तृतीया पर अल्मोड़ा में एक दुकान में खरीदारी करते लोग।
अल्मोड़ा। सोने और चांदी की बढ़ती कीमतों के चलते अक्षय तृतीया पर बुधवार को नगर के सर्राफा बाजार में लोगों ने सीमित खरीदारी की। जिले में एक करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया को सुख-समृद्धि, सौभाग्य और नई शुरुआत के रूप में देखा जाता है। यह दिन मुख्य रूप से धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा को समर्पित है। मान्यता है कि इस तिथि पर सोना खरीदना बेहद शुभ होता है। इसके अलावा मां लक्ष्मी का आशीर्वाद भी मिलता है।
अक्षय तृतीया पर लोगों ने सोने के आभूषण समेत चांदी के सिक्कों की खरीदारी की। धनतेरस के बाद अक्षय तृतीया के दिन ही सबसे अधिक सोने, चांदी की बिक्री होती है, लेकिन इनके बढ़े हुए दाम के कारण दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ कम रही। स्वर्णकार संघ के महासचिव भुवन वर्मा ने बताया कि जिले में एक करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। सोने-चांदी की बढ़ी कीमतों का खरीदारी पर असर पड़ा है।
जौहरी बाजार के व्यवसायी तरुण वर्मा ने बताया कि खरीदारी के प्रति लोगों में उत्साह रहा। लोगों ने अक्षय तृतीया पर मिश्री, सत्तू, पंखे, पादुका, चावल, नमक, घड़े, कुल्हड़, घी, बेलपत्र आदि का दान किया।