अल्मोड़ा। दीपावली के दौरान जनता को सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति हो, इसके लिए ऊर्जा निगम ने रखरखाव और बिजली लाइनों के संपर्क में रहे पेड़ों की लॉपिंग का कार्य शुरू कर दिया है। इसके चलते गंगोला मोहल्ला, खजांची मोहल्ला, नरसिंहबाड़ी समेत शहर के बड़े इलाके में बुधवार को छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
दीपावली पर बिजली की खपत बढ़ जाती है। लाइनों में लोड बढ़ने से आपूर्ति बाधित रहने की आशंका रहती है। दीपावली पर लोगों को सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति हो इसको देखते हुए ऊर्जा निगम ने लाइनों के सुधारीकरण और लाइनों के संपर्क में आ रहे पेड़ों और टहनियों के लॉपिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया है।
विभाग ने मुख्य बाजार के गंगोला मोहल्ला, खजांची मोहल्ला, कचहरी बाजार, नरसिंहबाड़ी समेत अन्य क्षेत्रों में सुधारीकरण कार्य के लिए बुधवार सुबह साढ़े दस बजे शटडाउन लिया। इसके बाद विद्युत विभाग के कार्मिकों ने लाइनों को दुरुस्त करने के साथ, तारों को छू रहे पेड़ों और टहनियों की लॉपिंग का कार्य किया। यह कार्य शाम साढ़े चार बजे तक चला। इस दौरान इन क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। कार्य पूरा होने के बाद शाम साढ़े चार बजे आपूर्ति सुचारु हो सकी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को धारानौला, चितई, शीतलाखेत फीडर में रखरखाव का कार्य किया जाएगा।