जागेश्वर (अल्मोड़ा)। सावन माह के तीसरे सोमवार को जागेश्वर धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच आठ हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भगवान शिव सहित मंदिर समूह में दर्शन कर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। दिनभर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार सोमवार को 177 रुद्राभिषेक, पार्थिव पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, पार्किंग और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखा।
श्रद्धालुओं की भीड़ का असर स्थानीय बाजारों में भी देखने को मिला। जागेश्वर बाजार में दिनभर चहल-पहल रही। होटल, भोजनालय, प्रसाद, पूजा सामग्री और स्थानीय उत्पादों की दुकानों पर अच्छी खासी भीड़ रही, जिससे व्यापारियों का कारोबार भी बढ़ा।