अल्मोड़ा के केमू स्टेशन पर परेशान यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
डग्गामारी के विरोध में केमू बसों का संचालन सोमवार को तीसरे दिन भी ठप रहा। हड़ताल के कारण स्टेशन में पहुंचे यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। अल्मोड़ा से हर रोज विभिन्न जगहों के लिए 50 केमू बसें चलती हैं, लेकिन संचालन ठप होने के कारण यात्रियों को टैक्सियों का सहारा लेना पड़ा।
केमू स्टेशनों में पहुंचने वाले यात्रियों को जबरन टैक्सी में बैठाने और स्टेशन रोड में टैक्सी लगाने के विरोध में कुमाऊं मोटर आनर्स यूनियन के आह्वान पर केमू बसों का संचालन बीते शनिवार से ठप है। मालूम हो कि अल्मोड़ा स्टेशन से हर रोज विभिन्न रूटों पर 50 केमू की बसें चलती हैं। हड़ताल के कारण सभी बसें जहां-तहां रुकी पड़ी हैं। इधर केमू स्टेशन के सहायक इंचार्ज दीवार मिश्रा ने कहा कि अल्मोड़ा केमू स्टेशन में भी कई बार टैक्सी चालक सुबह से अपने वाहन लगाकर खड़ा कर देते हैं और बस में बैठे यात्रियों को उतारकर ले जाते हैं। जिससे केमू बसों को हर रोज घाटा उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल बसों का संचालन यूनियन के अग्रिम निर्णय तक ठप रहेगा।
यात्रियों को करना पड़ा फजीहत का सामना
अल्मोड़ा। केमू बस नहीं मिलने से सोमवार को भी यात्री काफी परेशान रहे। सोमेश्वर जा रहे विनय सनवाल और माया सनवाल ने बताया कि वह लोग सुबह ही स्टेशन पहुंच गए थे और बस का इंतजार कर थे। बस संचालन ठप होने की सूचना नहीं थी जिस वजह से वह लोग दोपहर तक बस का इंतजार करते रहे। उन्होंने बताया कि अब वह लोग टैक्सी से जाएंगे। सोमेश्वर जाने वाली दूसरी यात्री श्रीमती आशा ने बताया कि बस के इंतजार में वह लोग काफी देर से बस स्टेशन में बैठे हुए हैं। बस के इंतजार में उनको खाना भी स्टेशन में ही खाना पड़ा। इधर कई यात्रियों ने टैक्सी चालकों पर अधिक किराया वसूलने का भी आरोप लगाया।