अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में नौ माह बाद आखिरकार ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। पहले चरण में सोमवार को प्रयोगात्मक कक्षाएं शुरू हुईं। अभिभावकों के सहमति पत्र और कोरोना जांच रिपोर्ट के साथ छात्रों को कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। इस बीच एक द्वार से ही थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद छात्र कक्षाओं में शामिल हुए।
मार्च में लॉकडाउन के बाद से ही तमाम विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में पठन-पाठन पूरी तरह बंद रहा। हालांकि अनलॉक की प्रक्रिया में ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हुईं लेकिन ऑफलाइन कक्षाएं संचालित नहीं होने से छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 15 दिसंबर को सरकार की ओर से प्रयोगात्मक कक्षाओं के ऑफलाइन संचालन को लेकर एसओपी जारी की गई थी पर एसएसजे परिसर में कोरोना सुरक्षा के इंतजामों के बिना कक्षाएं संचालित नहीं हुईं।
पिछले एक सप्ताह से परिसर में कोरोना सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे थे। परिसर के चारों ओर बैरिकेंडिंग की गई है। विभिन्न तैयारियों के बाद सोमवार को पहले दिन उत्सुकता के साथ विज्ञान संकाय में विभिन्न प्रयोगात्मक विषय वाली कक्षाओं का संचालन हुआ। प्रभारी निदेशक प्रो. जेएस बिष्ट ने बताया कि पहले दिन विज्ञान संकाय के विभिन्न प्रयोगात्मक कक्षाओं में 150 छात्र उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि रोस्टर के अनुसार छात्रों को बुलवाया जा रहा है। मंगलवार को दूसरे ग्रुप को बुलवाया गया है।