मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु जोशी ने मंगलवार को विकास भवन परिसर के कई विभागों का औचक निरीक्षण किया। हालात देखकर वे दंग रह गए। अधिकांश दफ्तरों में अधिकारी-कर्मचारी नदारद थे। दीवारें और सीढ़ियों पर पीक के निशान थे। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए नदारद अफसर-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। छापामारी से विभागों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।
सीडीओ को औचक निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग में मुख्य कृषि अधिकारी, मत्स्य निरीक्षक, भूमि संरक्षण अधिकारी, सहायक कृषि अधिकारी एवं सहायक अभियंता, युवा कल्याण अधिकारी और प्रवर सहायक, उद्योग विभाग में प्रवर सहायक, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा में ईई और सहायक अभियंता अनुपस्थित मिले। उन्होंने सभी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। संतुष्टिपूर्वक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ ने कहा कोई भी अधिकारी और कर्मचारी बगैर अवकाश स्वीकृत कराए अवकाश पर न जाएं।
परिसर की सीढ़ियां और दीवारें धूल-मिट्टी, पान, गुटका के पीक के कारण गंदी होने पर भी सीडीओ ने नाराजगी जताई। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने आसपास साफ सफाई पर खास ध्यान दें। तलों में एक एक पीआरडी का जवान तैनात किया जाए। वह दीवारों पर पीक मारने वालों से पांच सौ रुपये वसूल करे। पीआरडी जवान को हर दिन की रिपोर्ट उनके कार्यालय में देनी होगी।