बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण के लिए नगर के बाजारों में सीसीटीवी लगाने का काम शुरू हो गया है। अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने विधायक निधि से इसके लिए 35 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। एसएसपी केएस नगन्याल ने बताया कि नगर के विभिन्न स्थानों में 38 स्थानों पर सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल ने बताया कि सीसीटीवी लोधिया बैरियर से शुरू होकर करबला, धारानौला, केमू और रोडवेज बस अड्डा, शिखर तिराहा, लक्ष्मेश्वर, एनटीडी आदि 38 जगहों पर लगेंगे। एसएसपी ने बताया कि इसके लिए नगर पालिका को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
जबकि एसपी कार्यालय में इसका कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। फिलहाल कैमरे लगाने का काम जोरों पर चल रहा है। अभी तक विभिन्न स्थानों में नौ-दस जगहों पर कैमरे लगा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही नगर के अन्य स्थानों में भी कैमरे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।