बीएसएनएल की मोबाइल सेवा आए दिन खराब रहने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दौलाघट, गोविंदपुर क्षेत्र में आए दिन बीएसएनएल की मोबाइल सेवा बाधित रहती है। वहीं, ओएफसी कटने से सोमेश्वर और आसपास के क्षेत्रों के बीएसएनएल उपभोक्ताओं का शनिवार रात से संपर्क कटा हुआ है।
क्षेत्र में बीएसएनएल के करीब 10 हजार उपभोक्ता हैं। सोमेश्वर क्षेत्र में रात करीब 11 बजे से बीएसएनएल के सिग्नल नहीं आ रहे हैं। दीपावली का त्योहार पास होने से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीएसएनएल के एसडीओ एनसी पांडे ने बताया कि बाहरी क्षेत्र से ओएफसी कटी है, जिससे चलते यह दिक्कत आ रही है। उधर, दौलाघट, गोविंदपुर के अलावा 17 ग्राम पंचायतों में भी बीएसएनएल की मोबाइल सेवा अकसर बाधित रहती है।
इस क्षेत्र के लिए पांच किमी दूर डीडा की पहाड़ी में बीएसएनएल टावर स्थापित है, लेकिन क्षेत्र में सिग्नल नहीं होने से मोबाइल उपभोक्ता परेशान हैं। इंटरनेट भी नहीं चल पाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पिछले दो साल से मांग की जा रही है, लेकिन विभाग उदासीनता बरत रहा है। यदि जल्द टावर नहीं लगाया गया तो आंदोलन किया जाएगा।