अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों के लिए बनाए गए न्यूट्रिशनल रिहेबिलिटेशन सेंटर (एनआरसी) अब तक संचालित नहीं हो सका है। अस्पताल में जिले के एकमात्र एनआरसी केंद्र खुलने के लिए दो साल पहले स्वीकृति मिली थी पर अस्पताल में बालरोग विशेषज्ञ के अभाव में केंद्र स्थापित नहीं हो सका है।
जिला अस्पताल में दो साल पहले एनआरसी खोलने की स्वीकृति मिली थी। कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए जिले में एकमात्र एनआरसी केंद्र खोलने के लिए जिला अस्पताल चयनित किया गया। अस्पताल में केंद्र को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एनआरसी के लिए अस्पताल में छह बैड का वार्ड स्थापित किया जा चुका है। उसमें विभिन्न तरह की मशीनें और उपकरण भी लगा दिए गए थे। केंद्र को स्वीकृति मिले अब लंबा समय गुजर चुका है लेकिन अब तक विभिन्न पदों में नियुक्ति नहीं हो पाने से केंद्र स्थापित नहीं हो पाया है। बता दें कि केंद्र में सबसे पहले बाल रोग विशेषज्ञ की जरूरत होती है लेकिन जिला अस्पताल में लंबे समय से बाल रोग विशेषज्ञ नहीं हैं।