अल्मोड़ा। घरों की छतों में निजी उपयोग के लिए स्थापित किए जाने वाले सौर ऊर्जा प्लांट अब अक्षय ऊर्जा विभाग से नहीं बल्कि उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लि. (यूपीसीएल) के माध्यम से लगेंगे। इसके लिए अभ्यर्थी को अब यूपीसीएल में आनलाइन आवेदन करना होगा। व्यक्तिगत उपयोग के लिए लोग घरों की छतों में यह सोलर रुफ टाप प्लांट लगा सकेंगे। सरकार इसके लिए बीस फीसदी से चालीस फीसदी तक अनुदान भी दे रही है।
सरकार वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। इसके तहत अब लोग अपने घरों में एक किलोवाट से लेकर दस किलोवाट तक के सौर ऊर्जा प्लांट लगा सकेंगे। इससे जहां बिजली की खपत कम होगी वहीं सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा। पूर्व तक सोलर रुफ टाप फेज वन के तहत सौर ऊर्जा प्लांट अक्षय ऊर्जा विभाग के माध्यम से लगाए गए थे, लेकिन सरकार ने द्वितीय चरण में अब यह कार्य उत्तराखंड पावर कारपोरेशन के माध्यम से कराने का निर्णय लिया है। यूपीसीएल के अल्मोड़ा डिवीजन के ईई दीन दयाल सिंह पांगती ने बताया कि सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए आन लाइन आवेदन किया जाना है। अब तक अल्मोड़ा डिवीजन के अंतर्गत 18 लोग आवेदन कर चुके हैं।
एक से 10 किलोवाट के लगेंगे प्लांट
यूपीसीएल के माध्यम से इच्छुक व्यक्ति स्वयं के बिजली उपयोग के लिए घरों की छतों में एक किलोवाट से दस किलोवाट तक सौर ऊर्जा प्लांट लगा सकेंगे। एक से तीन किलो तक का सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए 40 फीसदी अनुदान और उससे अधिक का पावर प्लांट लगाने के लिए सरकार 20 फीसदी तक अनुदान देगी। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति यूपीसीएल की वेबसाइट पर आन लाइन आवेदन कर सकेंगे। एक किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा प्लांट लगाने का खर्चा करीब 55 हजार रुपये है।