तपन बढ़ने के साथ अब जंगलों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। मजखाली के डडगलिया, नैनी के जंगल में मंगलवार की रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ही आग डडगलिया गांव तक जा पहुंची।
फायर सर्विस के कर्मचारियों ने देर रात तक ग्रामीणों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस दौरान पूरे जंगल में लाखों की वन संपदा खाक हो गई।
दरअसल, जंगलों में इन दिनों बेतहाशा पिरूल गिर रहा है, गर्मी भी बढ़ने लगी है, जिस कारण छोटी सी चिंगारी विकराल रूप धारण कर ले रही है।
नैनी डडगलिया का जंगल दो किमी लंबे इलाके में फैला हुआ है, यहां हरे भरे पेड़ भी बहुतायत संख्या में हैं। वन पंचायत के यह जंगल अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
जंगल की आग डडगलिया गांव तक पहुंचने लगी। पास ही नैनी स्थित पावर हाउस तक भी लपटें जा पहुंची थीं। कर्मचारियों ने आग लगने की सूचना रानीखेत अग्निशमन केंद्र को दी। प्रभारी एफएसओ केशव दत्त तिवारी के नेतृत्व में टीम ने रात में डडगलिया की ओर रवाना हुई। इस दौरान वहां ग्रामीण भी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे, लगभग साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया गया।