रानीखेत (अल्मोड़ा)। प्रख्यात गोल्फ मैदान को पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए बंद कर दिए जाने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। व्यापारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से इस संबंध में मुलाकात की और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। कहा कि इससे रानीखेत का पर्यटन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। राष्ट्रपति से गुहार लगाई कि तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप कर इसे आम नागरिकों के लिए खोला जाए।
शिष्टमंडल ने डीएम नितिन भदौरिया से मुलाकात कर गोल्फ मैदान और रानीखेत के पर्यटन के बारे में चर्चा की। कहा कि वर्तमान में गोल्फ मैदान सेना के स्वामित्व में है। मैदान के चारों ओर कुछ साल पहले बैरिकेडिंग की गई थी, अब उसे पूर्णतया आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
कहा कि 24 मई को राष्ट्रपति सचिवालय पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत की गई थी। राष्ट्रपति सचिवालय कार्यालय ने भी गोल्फ मैदान का दक्षिणी भाग स्थानीय जनता और पर्यटकों के लिए खुला रखने के निर्देश दिए थे। पंचायत प्रतिनिधियों और व्यापारियों ने राष्ट्रपति से तत्काल मामले में हस्तक्षेप कर गोल्फ मैदान में आवाजाही पर लगी रोक हटाने की मांग की है। शिष्टमंडल में ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, कैंट उपाध्यक्ष संजय पंत, व्यापार मंडल कार्यकारी अध्यक्ष भगवंत नेगी, सोनू कुरैशी आदि शामिल थे।