अल्मोड़ा। पांच सौ और हजार के नोटबंदी के निर्णय के बाद कुछ दिनों तक अल्मोड़ा की प्रसिद्ध बाल मिठाई के कारोबार भी असर पड़ा लेकिन समय बीतने के साथ इस कारोबार ने फिर से गति पकड़ ली है। हालांकि खुले पैसे की किल्लत के कारण कई बार मिठाई व्यवसायियों और ग्राहकों को दिक्कत हो रही है।
बाल मिठाई के प्रसिद्ध विक्रेता खीम सिंह मोहन सिंह दुकान के संचालक अरुण रौतेला ने बताया कि अब मिठाई की बिक्री सामान्य हो चुकी है, लेकिन इन दिनों हर कोई दो हजार का ही नोट ला रहा है, जिससे खुल्ले की दिक्कत हो रही है। डेड़ सौ साल पुरानी हीरा सिंह जीवन सिंह मिष्ठान के स्वामी नवनीत बिष्ट बताते हैं कि लग्न का समय है और बाजार में लोगों के पास पैसे की कमी के कारण मिठाई के कारोबार में भी फर्क पड़ा है।
नोटबंदी के बाद से पांच-छह दिन तक मिठाई की बिक्री प्रभावित रही।अब स्थिति लगभग सामान्य हो चुकी है। बैंक और एटीएम से भी लोगों को दो हजार का ही नोट मिल रहा है। खुल्ले पैसे नहीं होने के कारण मिठाई की बिक्री पर थोड़ा असर पड़ रहा है।
दीवान्स स्वीट के स्वामी दीवान सिंह पवार ने बताया कि शुरू के दिनों में बिक्री कम हुई, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है। कांडपाल स्वीट्स के संचालक गिरीश चंद्र कांडपाल ने भी बताया कि छुट्टे के कारण कारोबार पर थोड़ा बहुत असर हुआ है।