रानीखेत (अल्मोड़ा)। उच्च शिक्षा, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत ने यहां को-आपरेटिव ड्रग फैक्ट्री में नवनिर्मित नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज माइक्रोबायोलॉजिकल लैब का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि लैब खुलने के बाद आयुर्वेदिक दवाओं की जांच फैक्ट्री पर ही की जाएगी। इससे टेस्टिंग के लिए अनावश्यक खर्च से भी निजात मिल जाएगी। बाहर से आने वाले कच्चे माल की भी जांच इसी लैब में हो सकेगी।
मंत्री डॉ. रावत ने फैक्ट्री में उत्पादित किए जा रहे निर्मित माल का निरीक्षण किया और कहा कि यहां पर जो भी आयुर्वेदिक उत्पाद बनाए जाते हैं उनकी अन्य जगह पर काफी मांग है। उन्होंने कहा कि यह कारखाना हिमालयी क्षेत्र में पाई जाने वाली आयुर्वेदिक दवाओं की तैयारी के साथ-साथ लोगों को रोजगार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सरकार द्वारा इस फैक्ट्री का जीर्णोद्धार भी किया गया है। सरकार इस प्राचीन फैक्ट्री के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। यहां भाजपा के जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, को-ऑपरेटिव ड्रग फैक्ट्री श्रमिक संघ के अध्यक्ष मोहन नेगी, महामंत्री प्रेम शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष राजेंद्र जसवाल, रोहित शर्मा, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री नरेंद्र रौतेला, कैलाश पंत, कैलाश भट्ट, संजय मठपाल, भूपेंद्र कांडपाल, पूर्व प्रमुख धन सिंह रावत, दीप भगत, महेश नयाल, मदन सिंह मेहरा, दर्शन सिंह बिष्ट, मदन कुवार्बी, रमेश जोशी, ललित जोशी, ड्रग फैक्ट्री के प्रबंधक जेएस पंवार सहित भाजपा के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।