अल्मोड़ा। यूसर्क देहरादून, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से जिले के शिक्षकों के मध्य गूगल मीट के माध्यम से दो दिनी वेबिनार आयोजित किया गया। एनआईसी के वीसी कक्ष से जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि अल्मोड़ा जिला ऑनलाइन शिक्षण में बहुत अच्छा काम कर रहा है।
उन्होंने शिक्षकों से ऑनलाइन शिक्षण का लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाने को कहा। व्हाट्सएप, गूगल मीट, जूम ऐप, टेलीग्राम के माध्यम से बच्चों तक संपर्क बनाएं। जिन बच्चों को इस माध्यम से लाभ नहीं मिल पा रहा है उन बच्चों को ऑफलाइन नोट्स पहुंचाने की व्यवस्था करें। मुख्य शिक्षा अधिकारी एचबी चंद ने बताया कि ऑनलाइन शिक्षण के लिए जिले के विभिन्न विषयों के शिक्षकों का पूल बनाया गया है। जिससे शिक्षक विभिन्न विषयों के वीडियो बनाकर उनको जिले के छात्र-छात्राओं तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक ग्राम सभा स्तर पर एक लर्निंग सेंटर बनाया जा सकता है।
यूसर्क के निदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने कहा कि कोविड महामारी के कारण ऑनलाइन शिक्षण महत्वपूर्ण है। डायट प्रवक्ता डॉ. दीपा जलाल ने ऑनलाइन शिक्षण पर एक सर्वे को साझा किया। हाईस्कूल पौधार के प्रधानाध्यापक डॉ. यूसी पांडेय ने भी सुझाव दिए। मुंबई से यूसर्क के आउटरीच प्रोग्राम हेड प्रहलाद अधिकारी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण दिया।
संचालन यूसर्क देहरादून के डॉ. सुधीर पंत ने और वीसी रूम से संचालन विनोद राठौर ने किया। यहां हरीश रौतेला, सीएफओ युसर्क डॉ. ओपी नौटियाल, प्रधानाचार्य सुरेश पाठक, यूसी पांडे, मदन सिंह मेर, नंदन सिंह बिष्ट, डॉ. कपिल नयाल, राजेश बिष्ट, मंयक तिवारी, डॉ. दीपा जलाल, डॉ. सरिता पांडे, डॉ. प्रकाश पंत, दीप जोशी, डॉ. गोविंद रावत, डॉ. प्रभाकर जोशी, डॉ. सतीश भट्ट, दीपा आर्या, सुरेश कर्नाटक, दिनेश पांडे आदि मौजूद थे।