सोमेश्वर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। यहां लाखों रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन छह साल पहले बन गया है। लेकिन अस्पताल का अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सीएचसी में उच्चीकरण नहीं हुआ है। अस्पताल में एक्स-रे, ब्लड टेस्ट तक की सुविधा नहीं है। जिससे लोगों को स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है।
अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर में एक महिला डाक्टर, एक आयुर्वेदिक डाक्टर और एक संविदा डाक्टर तैनात हैं।
अस्पताल में एक्स-रे, खून की जांच और अल्ट्रासाउंड तक की सुविधा उपलब्ध नहीं है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से अस्पताल के सीएचसी में उच्चीकरण की मांग करते आ रहे हैं ताकि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ सकें। लोगों की मांग पर सरकार ने यहां लाखों रुपये लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का 2010 में भवन तो बना दिया है पर अस्पताल को अब तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा नहीं मिला है। यह अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र ही है।
जिसके चलते अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं बढ़ पा रही है। सामान्य बीमारी में मरीजों को एक्सरे, खून की जांच जैसी सुविधाएं अस्पताल में नसीब नहीं हैं। इस कारण छोटी-छोटी बीमारियों में मरीजों को इलाज के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत ले जाना लोगों की मजबूरी है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अस्पताल के सीएचसी में उच्चीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उच्चीकरण की कार्रवाई शासन स्तर से ही होनी है।
आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा।