विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने बरकिंडा-मानिला पंपिंग योजना का काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक जीना ने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अभियंताओं से क्षेत्र में स्वीकृत विभिन्न सड़कों की प्रगति की आख्या ली। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसएस आर्या ने बताया कि मरचूला-भिकियासैंण 40 किमी स्वीकृत सड़क को भारत सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। डीपीआर बनाई जा रही है। उन्होंने मैहरौली-चित्तौड़खाल, वगमरा-चनोली-सराईखेत, सबोली-तोलबुधानी, तामाढौन- गोलना, झिमार-भैसखेत-डढोली, चक्करगांव-घुघुती, देघाट-लालनगरी, पत्थरखोला-महरगांव आदि स्वीकृत मोटर मार्गों की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
विधायक जीना ने बरकिंडा-मानिला पंपिंग योजना के चालू नहीं होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि योजना का काम डेढ़ साल में पूरा होना था लेकिन चार साल बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। उन्होंने नवयुवक मंगल दल, महिला मंगल दलों का रजिस्ट्रेशन कराने को कहा। बैठक में प्रांतीय खंड के ईई एसएस आर्या, जल निगम के ईई एके कटारिया, आरके पांडे, बीसी पंत, एके शर्मा, आशीष थपलियाल, स्लाल्दे के वीडियो किशोरी लाल आर्या, सल्ट के केएन बुडलाकोटी, अमजद खान, एलएस जीना, गणेश जोशी, आरएस बिष्ट, हरी राम आर्या आदि मौजूद थे।