जिला विकास प्राधिकरण से अनुमति के बगैर नक्शे पास कराने वालों को बैंक द्वारा ऋण नहीं दिया जाएगा। यही नहीं प्राधिकरण ने चोरी छिपे बगैर विकास प्राधिकरण की अनुमति के तैयार हो रहे भवनों के फोटोग्राफ भी लेने शुरू कर दिए हैं। ऐसे मामले सामने आने पर भवन स्वामी की निर्माण सामग्री जब्त करने के साथ ही सील करने की चेतावनी भी दी गई है। लोगों की सुविधा के लिए विकास प्राधिकरण द्वारा पालिका में पंजीकृत चार मानचित्रकार भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
जिला विकास प्राधिकरण के गठन के बाद से अब तक लोग काफी संख्या में आवेदन पत्र ले जा चुके हैं। लेकिन अधिकतर लोग मानक के अनुसार मानचित्र बनाकर नहीं ला रहे हैं। प्राधिकरण ने मानक के अनुरूप मानचित्र तैयार नहीं होने पर तीन आवेदन पत्रों को प्रार्थियों को वापस कर दिया गया है। प्राधिकरण सचिव एडीएम कैलाश सिंह टोलिया ने बताया कि भवन निर्माण के लिए आवेदन करने वाले लोगों की सुविधा के लिए पंजीकृत चार मानचित्रकार नियुक्त किए गए हैं।
भवन निर्माणकर्ता अब मानचित्रकार साकेत वर्मा, अखिल रतन, नंदन सिंह पटवाल और हर्ष कक्कड़ से भी मानचित्र बनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण से नक्शा पास कराने के बाद ही आवेदक को भवन निर्माण की इजाजत दी जाएगी।
इधर प्राधिकरण ने चोरी छिपे बगैर प्राधिकरण की अनुमति के तैयार हो रहे भवनों के फोटोग्राफ लेने शुरू कर दिए हैं। मालूम हो कि पिछले दिनों प्राधिकरण की टीम ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में मौका मुआयना किया था और बगैर विकास प्राधिकरण के भवन निर्माण होने पर दो भवन स्वामियों का निर्माण कार्य रोकते हुए वहां मौजूद निर्माण सामग्री भी जब्त कर ली थी।